Sunday, July 6, 2008

क‌र्फ्यू तोड़ सड़कों पर उतरा जन सैलाब


श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड से सरकार द्वारा भूमि वापस लेने से गुस्साए हजारों हिंदू रविवार को एक बार फिर क‌र्फ्यू तोड़ कर सड़कों पर उतर आए और उन्होंने सरकार के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि शनिवार को हजारों हिंदू क‌र्फ्यू की परवाह किए बिना सड़कों पर उतर आए थे और उन्होंने जम्मू सचिवालय के सामने जबरदस्त प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच हुए झड़पों में 50 लोग घायल हो गए थे।

इस बीच, विहिप ने बोर्ड को भूमि हस्तांतरण आदेश पर रोक लगाने के प्रदेश सरकार के निर्णय के विरोध में 30 जून से चल रहे अपने आंदोलन को और दो दिन बढ़ाकर 8 जुलाई तक करने की घोषणा की है। बोर्ड को भूमि लौटाने की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने यहां क‌र्फ्यू का उल्लंघन करते हुए बड़ी रैलियां आयोजित की, जबकि पुलिस के साथ झड़पों में 14 लोग घायल हो गए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क यातायात को बाधित कर दिया और सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया। उन्होंने कांग्रेस और पीडीपी के नेताओं के पुतले फूंके। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भारी बारिश के बावजूद कई स्थानों पर गवर्नर और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़पें हुई, जिसमें तीन पुलिसकर्मी सहित 14 लोग घायल हो गए। शहर में आज लगातार छठे दिन क‌र्फ्यू जारी रहा, जबकि ताजा हिंसा को लेकर करीब 90 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया। भद्रवाह, विजयपुर, लखनपुर और अन्य क्षेत्रों में आज सुबह क‌र्फ्यू में ढील दी गई और सेना ने फ्लैग मार्च किया। अमरनाथ श्राइन बोर्ड को भूमि लौटाने की मांग को लेकर 6000 से अधिक प्रदर्शनकारी मुथी क्षेत्र में क‌र्फ्यू का उल्लंघन करते हुए गलियों में उतर गए। उन्होंने गिरफ्तार किए गए सभी लोगों की रिहाई की मांग की।

भाजपा के नेतृत्व में 7000 से अधिक प्रदर्शनकारियों ने शहर के बीचों बीच सतवारी चौक पर रैली निकाली। उन्होंने मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद और राज्यपाल एन एन वोहरा का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने तल्ल्ब, तिल्लू, कनाल रोड, बंतालाब, विजयपुर, रामगढ़, आरएस पुरा और कठुआ में भी क‌र्फ्यू का उल्लंघन किया। सूत्रों ने बताया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने कुछ मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों के घरों पर पत्थर फेंका। सूत्रों ने बताया कि भाजपा, विहिप, बजरंग दल, शिवसेना आदि के 1400 से अधिक कार्यकर्ताओं को आंदोलन के शुरू होने के बाद अब तक गिरफ्तार किया गया है। भूमि विवाद को लेकर आज जम्मू क्षेत्र के पुंछ, राजौरी, सुंदरबेनी, नौशेरा, रियसी, कटरा, उधमपुर, रामनगर और बशोली में आज पूरी तरह बंद रहा।


site stats
Home | Hindu Jagruti | Hindu Web | Ved puran | Go to top